देवरिया के अयान ने राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जीता गोल्ड
देवरिया।
12वीं राष्ट्रीय ताइक्वांडो ओपन चैंपियनशिप 2026 में देवरिया के युवा खिलाड़ी अयान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में उन्होंने देश के कई राज्यों के खिलाड़ियों को हराकर यह उपलब्धि हासिल की।
15 और 16 मई की रात खेले गए मुकाबलों में अयान ने लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया। पहले मुकाबले में उन्होंने असम के खिलाड़ी को 9-3 से हराया। इसके बाद दिल्ली के खिलाड़ी को 9-0 और 13-0 से नॉकआउट करते हुए अगले दौर में प्रवेश किया।
क्वार्टर फाइनल में हरियाणा के आर्यन सिंह को 16-3 और 10-1 से हराकर अयान ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में मध्य प्रदेश के खिलाड़ी को 6-0 और 12-2 से मात देकर फाइनल में पहुंचे।
फाइनल मुकाबले में पंजाब के खिलाड़ी को 9-1 और 6-0 से हराकर अयान ने गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। जीत के बाद तालकटोरा स्टेडियम में मौजूद खेल प्रेमियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। दर्शकों में अयान के साथ सेल्फी लेने की होड़ मच गई।
गौरतलब है कि अयान इससे पहले भी कई उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं। पिछले वर्ष केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उन्होंने गोल्ड मेडल जीता था। वहीं कटक, उड़ीसा में आयोजित प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल प्राप्त किया था।
अयान की इस सफलता पर क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।



