Tuesday, August 25, 2026
Google search engine
Homeदेवरियासड़क अधूरी, शिकायतें जारी और अब केंद्रीय जांच! लार–परासी चकलाल मार्ग से...

सड़क अधूरी, शिकायतें जारी और अब केंद्रीय जांच! लार–परासी चकलाल मार्ग से लिए गए सैंपल

सड़क अधूरी, शिकायतें जारी और अब केंद्रीय जांच! लार–परासी चकलाल मार्ग से लिए गए सैंपल

सलेमपुर। सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर द्वारा लोकसभा में सड़क की बदहाली का मुद्दा उठाए जाने के बाद लार–परासी चकलाल मार्ग पर केंद्रीय जांच टीम पहुंची। गुरुवार सुबह टीम ने सड़क के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया और करीब दर्जनों स्थानों से कंक्रीट व एफडीआर कार्य के सैंपल लिए।
जांच टीम ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता और मौके पर हुए कार्यों का जायजा लिया। अब लिए गए सैंपलों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद सड़क निर्माण की वास्तविक स्थिति सामने आने की उम्मीद है।
यह मार्ग जून 2023 में स्वीकृत हुआ था और जून 2024 तक निर्माण पूरा किया जाना था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी सड़क का काम अधूरा है। इससे स्थानीय लोगों में लगातार नाराजगी बनी हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बदहाल सड़क के कारण वाहनों के टायर पंचर होने, टायर फटने, पार्ट्स टूटने और दुर्घटनाओं की घटनाएं होती रहती हैं। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत और जांच के बावजूद सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।


मामले में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए जाने की बात भी सामने आई थी, लेकिन ग्रामीणों का दावा है कि अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी है। अब केंद्रीय जांच के बाद होने वाली कार्रवाई पर लोगों की नजरें टिकी हैं।
जांच के दौरान दिल्ली से इंजीनियर जावेद इकबाल, संजीव गुप्ता व टीडी गुप्ता तथा देवरिया से अधिशासी अभियंता सूर्य प्रकाश सिंह, अभिषेक शाही, शिवा सिंह और विनोद कुमार सिंह मौजूद रहे। सांसद प्रतिनिधि राम प्रकाश यादव उर्फ मुन्ना यादव, सांसद मीडिया प्रभारी मंजूर आलम और जिला पंचायत सदस्य जनक कुशवाहा समेत अन्य लोग भी मौके पर मौजूद रहे।
अब सवाल है—केंद्रीय जांच के बाद क्या सड़क की बदहाली दूर होगी और जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी?

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments