देवरिया में डायग्नोस्टिक सेंटरों पर प्रशासन की सख्ती, एक सील और दूसरी की अल्ट्रासाउंड मशीन जब्त
जांच में मिलीं गंभीर अनियमितताएं, बिना पंजीकरण अल्ट्रासाउंड संचालन का मामला सामने आया
देवरिया। जिले में नियमों के विपरीत संचालित किए जा रहे डायग्नोस्टिक सेंटरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को संयुक्त टीम ने नगर क्षेत्र के दो डायग्नोस्टिक सेंटरों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने पर एक सेंटर को सील कर दिया गया, जबकि दूसरे की अल्ट्रासाउंड मशीन जब्त कर ली गई।
संयुक्त जांच टीम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरपी यादव, नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौण्डिल्य समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शामिल रहे।
जायसवाल डायग्नोस्टिक सेंटर में मशीन जब्त
संयुक्त टीम ने सबसे पहले नगर स्थित जायसवाल डायग्नोस्टिक सेंटर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बिना पंजीकरण के अल्ट्रासाउंड जांच किए जाने की बात सामने आई। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए टीम ने सेंटर में संचालित अल्ट्रासाउंड मशीन को जब्त कर लिया।
कशिश डायग्नोस्टिक सेंटर किया गया सील
इसके बाद टीम ने कशिश डायग्नोस्टिक सेंटर का निरीक्षण किया। यहां सेंटर के संचालन संबंधी प्रमाण-पत्र/पंजीकरण की अवधि समाप्त मिली। जांच में यह भी सामने आया कि पंजीकरण के नवीनीकरण की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी नहीं कराई गई थी।
अनियमितता मिलने के बाद संयुक्त टीम ने कशिश डायग्नोस्टिक सेंटर को सील कर दिया।
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में बिना वैध पंजीकरण अथवा निर्धारित नियमों का पालन किए किसी भी डायग्नोस्टिक सेंटर का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा और निरीक्षण के दौरान अनियमितता मिलने पर संबंधित केंद्र के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से डायग्नोस्टिक सेंटर संचालकों में हड़कंप की स्थिति है।



