डीएम दिव्या मित्तल के निर्देश पर कल से गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी बहाल, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई
देवरिया, 13 मार्च।
जनपद में रसोई गैस आपूर्ति को लेकर फैली भ्रांतियों और अव्यवस्था को देखते हुए जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने विकास भवन के गांधी सभागार में गैस एजेंसियों, मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि कल से जिले में गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी पूर्ण रूप से बहाल की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि गैस सिलेंडरों का वितरण “फर्स्ट कम फर्स्ट सर्व” के आधार पर होगा। जिन उपभोक्ताओं ने पहले बुकिंग कराई है, उन्हें प्राथमिकता देते हुए सभी बुकिंग क्रमवार पूरी की जाएंगी। उन्होंने लोगों से धैर्य बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी कारण से OTP या DAC (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) प्राप्त नहीं होता है, तब भी गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी डिस्ट्रिब्यूशन शीट के आधार पर आपूर्ति सुनिश्चित करें।
डीएम ने गैस की कालाबाजारी या अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए एसडीएम, एसएचओ और होमगार्ड जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। वितरण के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अभद्रता होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे ऑनलाइन या मिस्ड कॉल के माध्यम से गैस बुकिंग करें और होम डिलीवरी को प्राथमिकता दें। गोदाम पर आने वाले उपभोक्ताओं को वहां प्रदर्शित सूचना के माध्यम से यह जानकारी दी जाएगी कि किस तिथि तक की बुकिंग का वितरण किया जा रहा है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), सभी एसडीएम, सीओ और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



