गैस की बढ़ती कीमतों के बीच ग्रामीण उपभोक्ता परेशान, बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर
जनपद देवरिया क्षेत्र लार
गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के बीच ग्रामीण इलाकों में उपभोक्ताओं की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। पहले लोग गैस एजेंसी और गोदाम पर लाइन लगाकर किसी तरह सिलेंडर ले लेते थे, लेकिन अब कहा जा रहा है कि उपभोक्ताओं को गैस उनके घर तक पहुंचाई जाएगी, इसलिए गोदाम पर लाइन लगाने की जरूरत नहीं है।
हालांकि हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग और पर्ची कटने के बावजूद भी सिलेंडर उनके घर तक नहीं पहुंच रहा है।
रोपन छपरा स्थित प्रिंस इंडेन लार देवरिया के कई उपभोक्ताओं ने बताया कि 1 मार्च को उनके नंबर पर गैस रिफिल अपने आप दिखा दिया गया, जबकि उन्होंने गैस लिया ही नहीं। जब दोबारा बुकिंग करने की कोशिश की जाती है तो मैसेज आता है कि “आपकी बुकिंग पहले ही हो चुकी है” और कुछ दिनों बाद ही दोबारा बुकिंग की जा सकती है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि बिना गैस मिले ही सिस्टम में रिफिल दिखा दिया जाना गंभीर सवाल खड़ा करता है। वहीं एजेंसी संचालक से पूछने पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार यह दिखाने की कोशिश कर रही है कि गैस की आपूर्ति पर्याप्त है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि बुकिंग के बाद भी समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा है। पहले लोग एजेंसी जाकर गैस ले लेते थे, अब वहां जाने पर भी गैस नहीं मिल रही है।
ग्रामीण उपभोक्ताओं ने मांग की है कि गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए ताकि लोगों को समय पर गैस मिल सके।



