देवरिया में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 80 जोड़ों का विवाह सम्पन्न
देवरिया, 24 फरवरी।
समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद देवरिया के रुद्रपुर ब्लॉक परिसर में मंगलवार को सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 80 जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया गया। इनमें 76 हिंदू जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाज से विवाह तथा 4 मुस्लिम जोड़ों का विधिवत निकाह कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद उपस्थित रहे। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की और अपनी ओर से सभी को शॉल भेंट किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी रुद्रपुर, उपायुक्त मनरेगा, ब्लॉक प्रमुख, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
समाज कल्याण विभाग के अनुसार योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है। इसमें 60 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से भेजे जाते हैं, 25 हजार रुपये की उपहार सामग्री प्रदान की जाती है तथा 15 हजार रुपये आयोजन पर व्यय किए जाते हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि अगला सामूहिक विवाह समारोह 26 फरवरी 2026 को राजकीय आईटीआई/केंद्रीय विद्यालय परिसर, देवरिया में आयोजित किया जाएगा।



