Saturday, May 30, 2026
Google search engine
HomeUncategorizedसलेमपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न, 93 में से 28 मामलों का...

सलेमपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न, 93 में से 28 मामलों का मौके पर निस्तारण

सलेमपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न, 93 में से 28 मामलों का मौके पर निस्तारण

देवरिया, 21 फरवरी। जनपद के देवरिया की तहसील सलेमपुर में आज जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 93 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 28 मामलों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।
प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग के 30, पुलिस विभाग के 7, विकास विभाग के 23 तथा अन्य विभागों के 13 मामले शामिल रहे। इसके अतिरिक्त 4 अंत्योदय कार्ड, 8 आवासीय पट्टे, 5 खतौनी सुधार तथा 3 दिव्यांग प्रमाण पत्र से संबंधित प्रकरण भी आए। जिलाधिकारी ने शेष मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि सभी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से निपटाया जाए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा मा० मुख्यमंत्री के सीधे प्रसारण के माध्यम से मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को धनराशि के प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
मानवीय पहल भी रही प्रमुख
समाधान दिवस के दौरान प्रशासन ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए रावतपार अमेठिया, लार निवासी अत्यंत गरीब दंपति—बबलू प्रसाद एवं गुड्डन देवी—को रेडक्रॉस सोसाइटी एवं तहसील प्रशासन के सहयोग से बर्तन, कंबल, गेहूं, चावल, दाल, सोलर लाइट सहित अन्य घरेलू सामग्री उपलब्ध कराई। उल्लेखनीय है कि उनके पुत्र विनय की 2 फरवरी 2026 को सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि परिवार को अन्य शासकीय योजनाओं से भी आच्छादित किया जाएगा।
उत्कृष्ट कार्य पर बीएलओ सम्मानित
तहसील दिवस के अंतर्गत बूथ संख्या 129 के बीएलओ श्री कमलेश कुमार रजक, बूथ संख्या 195 के बीएलओ श्री मुहम्मदुद्दीन तथा बूथ संख्या 03 के बीएलओ श्री महफूज आलम को 100 प्रतिशत मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रीपेंसी एवं फोटो डिस्क्रीपेंसी का कार्य पूर्ण करने पर शॉल, माला एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। बाद में जिलाधिकारी के साथ उनका सामूहिक भोजन भी कराया गया।
टीबी मरीजों को पोषण पोटली
समाधान दिवस के अवसर पर 15 क्षयरोग (टीबी) पीड़ित व्यक्तियों को तहसील प्रशासन द्वारा गोद लिया गया तथा उन्हें पोषण पोटली वितरित की गई।
लापरवाही पर सख्ती
जिलाधिकारी ने एसडीएम एवं एएसडीएम न्यायालयों में समय से आख्या/रिपोर्ट प्रस्तुत न होने पर नाराजगी जताई। राजस्व निरीक्षकों एवं लेखपालों को लंबित प्रकरणों की रिपोर्ट समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। एक प्रकरण में विलंब पर संबंधित लेखपाल के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए गए।
समाधान दिवस में जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में फरियादियों की उपस्थिति रही। जिलाधिकारी ने दोहराया कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments