बड़हलगंज -गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले की गोला तहसील में सोमवार, 13 जुलाई को गोंड धुरिया जनजाति के लोगों ने जाति प्रमाण पत्र न मिलने के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया। ‘मूलनिवासी आदिवासी आर्मी’ के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में समाज के लोग जुटे और उपजिलाधिकारी को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ‘मूलनिवासी आदिवासी आर्मी’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव शंकर गोंड ने आरोप लगाया कि वर्ष 2002 में गोंड धुरिया समाज को अनुसूचित जनजाति (ST) का दर्जा मिलने के बावजूद स्थानीय प्रशासन द्वारा जानबूझकर प्रमाण पत्र नहीं बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “जिन लोगों के पास पुख्ता अभिलेख हैं, उनके साथ भी प्रशासन द्वारा हिला-हवाली की जा रही है। शासन के आदेश होने के बाद भी समाज को दर-दर भटकने पर मजबूर किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।””सरकार कर रही है ठगने का काम”।
राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव शंकर गोंड ने कड़े शब्दों में कहा कि राजपत्र में अधिसूचना के बाद भी प्रमाण पत्र जारी न होना समाज के अधिकारों को कुचलने जैसा है। उन्होंने सीधे तौर पर प्रदेश की भाजपा सरकार पर समाज को ठगने का आरोप लगाया और कहा कि अब समाज को अपने हक के लिए संगठित होना होगा।
प्रदर्शन का संचालन करते हुए जिला अध्यक्ष सूरज गोंड ने प्रशासन को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन अब पूरे जिले में फैलेगा।गोरखपुर की सभी तहसीलों पर ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि जल्द ही प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई, तो आंदोलन जिला मुख्यालय पर बड़े स्तर पर किया जाएगा।
इस प्रदर्शन में संगठन के दर्जनों कार्यकर्ताओं सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। इनमें प्रमुख रूप से गोपाल जी गोंड, राहुल गोंड, अनूप गोंड, जय गोंड, दीपक गोंड, उदय प्रताप गोंड, विशाल गोंड, श्रीप्रकाश, प्रमोद, पुनीत गोंड, दिलीप गोंड, संदीप गोंड, नीतीश गोंड, अंकित गोंड, मिथलेश गोंड और सतीश गोंड आदि शामिल रहे।



