सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं आमजन की समस्याएं
देवरिया, 07 फरवरी।
जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में तहसील सदर सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनसामान्य द्वारा राजस्व, पुलिस, विकास तथा अन्य विभागों से जुड़ी विभिन्न शिकायतें प्रस्तुत की गईं।
जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त सभी शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे फरियादियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 53 शिकायत प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें 28 राजस्व विभाग, 10 पुलिस विभाग, 03 विकास विभाग तथा 12 अन्य विभागों से संबंधित मामले शामिल थे। प्राप्त शिकायतों में से 06 प्रकरणों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को नियत समय-सीमा में निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का समाधान संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
इस अवसर पर तहसील सदर में 03 पात्र लाभार्थियों को अन्त्योदय राशन कार्ड तथा 01 लाभार्थी को दिव्यांग प्रमाण पत्र मौके पर वितरित किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र परिवारों को सरकारी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय से और पूर्ण पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनपद स्तरीय अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसील स्तर के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी ने तहसील देवरिया सदर के विभिन्न पटल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखागार एवं आपदा पटल का अवलोकन कर अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही रजिस्ट्रार कार्यालय में लंबित ऑनलाइन फीडिंग कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने तथा सतत निगरानी के लिए टीम गठित करने के भी निर्देश दिए गए।



