गौरीबाजार विकास खण्ड का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, योजनाओं व अभिलेखों की परखी हकीकत
देवरिया, 07 फरवरी।
जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने शनिवार को अपराह्न 2:45 बजे विकास खण्ड गौरीबाजार पहुंचकर कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी, लेखाकार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले विकास खण्ड परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद कार्यालय के विभिन्न पटलों पर संचालित कार्यों की समीक्षा की गई। लेखाकार पटल पर टेंडर से जुड़ी फाइलों की जांच की गई, वहीं स्थापना पटल पर रखे अभिलेखों, आलमारियों तथा कर्मचारियों की सेवापुस्तिकाओं और व्यक्तिगत पत्रावलियों का अवलोकन किया गया। नामिनी प्रपत्रों की भी जांच की गई।
जिलाधिकारी ने जनसुनवाई और जनसूचना से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की स्थिति के बारे में जानकारी ली। साथ ही मनरेगा, एनआरएलएम और पंचायत से जुड़े कार्यों व अभिलेखों की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप योजनाओं का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आम जनता को विकास कार्यों से जोड़ने के निर्देश दिए।



