16 फरवरी से विद्यालयों में चलेगा एमआर टीकाकरण अभियान
देवरिया, 03 फरवरी 2026।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भलुनी के सभागार में मंगलवार को जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.के. सिन्हा की अध्यक्षता में एमआर टीकाकरण अभियान को लेकर ब्लॉक टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अभियान की शत-प्रतिशत सफलता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डॉ. सिन्हा ने बताया कि एमआर (खसरा-रूबेला) टीकाकरण का विशेष अभियान 16 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान जनपद के कक्षा 1 से 5 तक के सभी सरकारी, निजी विद्यालयों एवं मदरसों में अध्ययनरत 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को एमआर टीके की अतिरिक्त खुराक दी जाएगी, भले ही बच्चों को पूर्व में टीका लगाया जा चुका हो।
उन्होंने अभियान की सफलता के लिए माइक्रो प्लान को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि टीकाकरण से एक-दो दिन पूर्व विद्यालय स्तर पर चिकित्सकों, शिक्षा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय बैठक कर सभी को अभियान की जानकारी दी जाए, ताकि बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. शम्भू प्रसाद, एआरओ राकेश चंद्र, बीपीएम विशाल प्रताप सिंह, बीसीपीएम बांसवीर, सीफार एवं जेएसआई के जिला प्रतिनिधि, आईसीडीएस, शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा एएनएम उपस्थित रहीं।



