देवरिया,
मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से विकास भवन स्थित गांधी सभागार में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय में संयुक्त सचिव एवं मा० प्रेक्षक श्री सिद्धार्थ जैन, आईएएस ने की।
बैठक में जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल तथा मुख्य विकास अधिकारी श्री राजेश कुमार सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने, संशोधन एवं स्थानांतरण से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मतदाता सूची में आ रही व्यावहारिक समस्याओं को प्रेक्षक के समक्ष रखा।
प्रेक्षक श्री सिद्धार्थ जैन ने सभी प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना और निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 को सही तरीके से भरने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्धारित नियमों के अनुसार आवेदन करने पर पात्र नागरिकों की समस्याओं का समाधान सहजता से किया जा सकता है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने आश्वासन दिया कि प्राप्त सभी शिकायतों एवं सुझावों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई।



