देवरिया, 28 जनवरी।
विकास भवन स्थित गांधी सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विकास कार्यक्रमों एवं विभागीय योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभागवार कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए योजनाओं की लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति बढ़ाने और शत-प्रतिशत कार्य संपादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी ढंग से किया जाए, जिससे पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने सभी लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से विभागों की नियमित मॉनिटरिंग की जाती है, ऐसे में सभी विभाग अद्यतन प्रगति रिपोर्ट और आंकड़े समय से अपलोड करना सुनिश्चित करें, ताकि वास्तविक स्थिति परिलक्षित हो सके और जनपद की रैंकिंग में सुधार आए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।



