मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद देवरिया में चार स्थानों पर होंगे सामूहिक विवाह कार्यक्रम
देवरिया, 28 जनवरी।
समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद देवरिया में विकास खण्ड एवं नगर निकायवार सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री सुधीर पाण्डेय ने बताया कि निर्धारित तिथियों पर अलग-अलग स्थानों पर सामूहिक विवाह समारोह संपन्न कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि
02 फरवरी (सोमवार) को ओम मैरेज हॉल, तरकुलवा में पथरदेवा, तरकुलवा एवं देसही देवरिया क्षेत्र के लाभार्थी जोड़ों का विवाह कराया जाएगा।
04 फरवरी (बुधवार) को प्रिंस पैलेस, कोटवा चौराहा, कसया रोड, देवरिया में संबंधित क्षेत्रों के जोड़े सम्मिलित होंगे।
06 फरवरी (शुक्रवार) को उत्सव लॉन, सलेमपुर में रामपुर कारखाना, भटनी, सलेमपुर, लार, भाटपाररानी, बनकटा, भागलपुर एवं बरहज क्षेत्र के जोड़ों का विवाह संपन्न होगा।
10 फरवरी (मंगलवार) को केन्द्रीय विद्यालय, राजकीय आईटीआई परिसर, देवरिया में देवरिया सदर, रुद्रपुर, गौरीबाजार, बैतालपुर एवं भलुअनी क्षेत्र के लाभार्थियों का विवाह कराया जाएगा।
प्रत्येक स्थल पर अधिकतम 100 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। योजना के अंतर्गत प्रति जोड़े पर 01 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे, जिसमें 60 हजार रुपये कन्या के खाते में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित किए जाएंगे। शेष राशि में 25 हजार रुपये गृहस्थी सामग्री, वस्त्र एवं आभूषण तथा 15 हजार रुपये विवाह आयोजन पर खर्च किए जाएंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने पात्र आवेदकों से अपील की है कि वे cmsvy.upsdc.gov.in पोर्टल पर कार्यक्रम तिथि से कम से कम एक सप्ताह पूर्व आवेदन अवश्य करें। जिन लाभार्थियों के आधार कार्ड में पुरानी फोटो है, वे समय से आधार अपडेट करा लें।



