देवरिया न्यूज़ | 24 जनवरी 2026
16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जनपद देवरिया में लोकतंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कहा कि मतदान लोकतंत्र की आत्मा है और प्रत्येक पात्र नागरिक का यह संवैधानिक दायित्व है कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करे। उन्होंने विशेष रूप से युवा मतदाताओं से अपील की कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें और देश के भविष्य निर्माण में अपनी भूमिका निभाएँ।
छात्रों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवी संस्थाओं की रही सक्रिय सहभागिता
मतदाता जागरूकता रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियाँ, स्काउट-गाइड, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियाँ लेकर ‘पहले मतदान, फिर जलपान’ और ‘मेरा वोट, मेरी ताकत’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया।
शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुज़री रैली
रैली जीआईसी से प्रारंभ होकर कलेक्ट्रेट, पोस्टमार्टम चौराहा एवं जलकल रोड होते हुए पुनः जीआईसी ग्राउंड पहुँची। रैली के समापन के बाद आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने उपस्थित नागरिकों को मतदाता शपथ दिलाई।
नव मतदाताओं को मिला एपिक कार्ड, उत्कृष्ट योगदानकर्ताओं को सम्मान
कार्यक्रम के दौरान नव पंजीकृत मतदाताओं को उनके एपिक कार्ड वितरित किए गए। साथ ही मतदाता जागरूकता अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दिया सशक्त संदेश
मतदाता जागरूकता कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। बच्चों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शत-प्रतिशत मतदान का प्रभावशाली संदेश दिया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कहा कि एक जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की नींव होता है। उन्होंने सभी नागरिकों से निर्भीक होकर मतदान करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की अपील की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों का सराहनीय सहयोग रहा।



