Thursday, April 23, 2026
Google search engine
Homeदेवरियाधूमधाम से मनाया गया उत्तर प्रदेश का 77वां स्थापना दिवस

धूमधाम से मनाया गया उत्तर प्रदेश का 77वां स्थापना दिवस

धूमधाम से मनाया गया उत्तर प्रदेश का 77वां स्थापना दिवस
देवरिया | 24 जनवरी
उत्तर प्रदेश के 77वें स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद देवरिया स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) परिसर में भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी, विभिन्न विभागों के स्टॉल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा लाभार्थी वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो उठा।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम्य विकास राज्यमंत्री श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम, भाटपारानी विधायक सभाकुंवर, सलेमपुर सांसद प्रतिनिधि राम प्रकाश यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष भाजपा राजेश मिश्र एवं जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल द्वारा दीप प्रज्वलन कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
इसके पश्चात विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें दर्शकों ने तालियों के साथ खूब सराहा।
प्रदेश प्रगति के नए आयाम छू रहा है : राज्यमंत्री
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और विकास यात्रा को दर्शाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और प्रदेश निरंतर विकास की ओर अग्रसर है।
योजनाओं के प्रचार-प्रसार में ऐसे आयोजन अहम : डीएम
जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम शासन की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए सूचना, जागरूकता एवं लाभपरक स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली।
सम्मान एवं लाभार्थी वितरण
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र, प्रशस्ति पत्र, चेक एवं अन्य लाभ प्रदान किए गए।
प्रमुख रूप से रहे उपस्थित
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी, भाजपा मीडिया प्रभारी प्रभाकर तिवारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments