देवरिया 24 जनवरी
शासन के निर्देशानुसार संचालित कृषि यंत्रीकरण योजनाओं के अंतर्गत जनपद में शनिवार को ई-लॉटरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर, सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन तथा इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू योजनाओं के तहत कृषि यंत्रों पर अनुदान हेतु लाभार्थियों का चयन किया गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद स्तरीय गठित समिति की उपस्थिति में गांधी सभागार, विकास भवन देवरिया में ई-लॉटरी आयोजित की गई। ई-लॉटरी के माध्यम से कुल 18 कृषकों ने बुकिंग कराई थी, जिसमें से 8 कृषकों का चयन किया गया।
चयनित कृषकों को रोटावेटर, लेजर लैंड लेवलर, कस्टम हायरिंग सेंटर की स्थापना, सुपर सीडर तथा ऑयल मिल विद फिल्टर प्रेस जैसे कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ प्रदान किया जाएगा। चयनित किसानों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से बिल अपलोड करने की अंतिम तिथि की सूचना भेज दी गई है।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि चयनित कृषक निर्धारित समय सीमा के भीतर कृषि यंत्र क्रय कर पोर्टल पर बिल, यंत्र के साथ फोटो, लेजर कटिंग नंबर की फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, खतौनी, जाति प्रमाण पत्र, शपथ पत्र एवं बैंक स्टेटमेंट अपलोड करें। साथ ही पत्रावली स्वयं कार्यालय में संबंधित कर्मचारी के पास जमा करनी होगी। किसी अन्य व्यक्ति द्वारा पत्रावली स्वीकार नहीं की जाएगी।
ई-लॉटरी कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, उप कृषि निदेशक सुभाष मौर्य, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी सहित प्रगतिशील कृषक वेदव्यास सिंह, ज्ञानेश्वर सिंह, गंगा कुशवाहा, अशोक कुमार मल्ल, भीम बहादुर सिंह आदि उपस्थित रहे।



