बड़हलगंज (गोरखपुर):
गोरखपुर जनपद के बड़हलगंज क्षेत्र के पोहिला गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला की हत्या कर घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। मृतका की पहचान शकुन्तला साहनी पत्नी राकेश साहनी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, राकेश साहनी इस समय विदेश में कार्यरत हैं। शकुन्तला घर पर अकेली रहती थीं। उनकी एकमात्र बेटी की करीब 20 वर्ष पहले दीवार गिरने से मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि शकुन्तला का मायका मऊ जनपद में है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़हलगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई और फॉरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू कर दी। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि अक्टूबर माह में शकुन्तला के साथ चैन स्नेचिंग की वारदात भी हुई थी, जिसकी जांच पुलिस कर रही थी। अब हत्या और चोरी की नई घटना से पुलिस की चौकसी और दबाव दोनों बढ़ गए हैं।
फिलहाल पुलिस प्रशासन सतर्क है और फॉरेंसिक जांच के आधार पर पूरे मामले के खुलासे का दावा किया जा रहा है।




