महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज का शानदार परिणाम, 99 प्रतिशत छात्र हुए सफल
देवरिया, 25 जून।
महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस प्रथम बैच ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 99 प्रतिशत सफलता हासिल की है। घोषित परीक्षा परिणाम में 98 में से 97 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए हैं, जिससे मेडिकल कॉलेज का नाम रोशन हुआ है।
मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल ने बताया कि प्रथम बैच में कुल 98 एमबीबीएस छात्र-छात्राएं शामिल थे। इनमें 97 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है। बैच में शामिल सभी 39 छात्राएं परीक्षा में सफल रही हैं। केवल एक छात्र एक विषय में अनुत्तीर्ण हुआ है, जबकि अन्य सभी विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और मेडिकल कॉलेज में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का परिणाम है। प्रथम बैच का यह शानदार प्रदर्शन संस्थान के लिए गौरव का विषय है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. एच.के. मिश्रा ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि मेडिकल कॉलेज के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने शिक्षकों, प्राध्यापकों और प्रशिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।



