देवरिया डिपो में संविदा चालक भर्ती प्रक्रिया शुरू, 50 पदों पर होंगे चयन
देवरिया, 29 मई।
देवरिया डिपो में संविदा चालक पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 2 जून 2026 से शुरू की जा रही है। वर्तमान में डिपो में संविदा चालक के 50 पद रिक्त हैं, जिन पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कपिलदेव प्रसाद ने बताया कि बसों की उपलब्धता के अनुसार रिक्त पदों की संख्या में आवश्यकतानुसार बढ़ोतरी या कमी की जा सकती है। भर्ती प्रक्रिया के तहत अलग-अलग स्थानों पर निर्धारित तिथियों में भर्ती कैम्प लगाए जाएंगे, जहां अभ्यर्थी सीधे पहुंचकर आवेदन कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि 2 जून को मेहरौना पुलिस चौकी के पास, 5 जून को घाटी चौराहा, 9 जून को रामपुर कारखाना स्थित प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र के समीप, 12 जून को बंगरा बाजार, 16 जून को धुसवां चौराहा, 19 जून को पकहां बस स्टॉप, 22 जून को डरैला बाजार (बिहार बॉर्डर), 24 जून को बनकटा शिव मंदिर परिसर, 27 जून को डिघवा पटवा नहर के पास, 30 जून को सहजौर चौराहा तथा 3 जुलाई को आईटीआई परिसर स्थित सेवायोजन कार्यालय देवरिया में भर्ती कैम्प आयोजित किए जाएंगे।
संविदा चालक पद के लिए अभ्यर्थी के पास भारी वाहन चलाने का कम से कम दो वर्ष पुराना वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी का न्यूनतम शैक्षिक योग्यता आठवीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। आवेदन के समय आधार कार्ड, शैक्षिक प्रमाण पत्र तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो प्रस्तुत करना आवश्यक होगा।
इसके अलावा अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 23 वर्ष 6 माह तथा लंबाई कम से कम 5 फीट 3 इंच निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथियों पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित कैम्प में पहुंचकर आवेदन कर सकते हैं। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी विभागीय कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।



