मतदाता सूची अपडेट प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों से संवाद, प्रेक्षक ने दिए स्पष्ट निर्देश
देवरिया, 31 जनवरी।
निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विकास भवन स्थित गांधी सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय में संयुक्त सचिव एवं मा० प्रेक्षक श्री सिद्धार्थ जैन, आईएएस ने की।
बैठक में जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल तथा मुख्य विकास अधिकारी श्री राजेश कुमार सिंह मौजूद रहे। इस दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मतदाता सूची से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं पर चर्चा की। नाम जोड़ने, नाम हटाने, संशोधन और स्थानांतरण से संबंधित मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए।
प्रेक्षक श्री सिद्धार्थ जैन ने निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 भरने की प्रक्रिया को सरल शब्दों में समझाया। उन्होंने कहा कि सही तरीके से आवेदन करने पर पात्र नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने भरोसा दिलाया कि सभी प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों का निस्तारण निर्धारित नियमों के अनुसार समयसीमा के भीतर किया जाएगा। बैठक शांतिपूर्ण और सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई।



