Thursday, April 23, 2026
Google search engine
HomeUncategorizedदेवरिया में टेली लॉ योजना से आम लोगों को मिला न्याय का...

देवरिया में टेली लॉ योजना से आम लोगों को मिला न्याय का आसान रास्ता

देवरिया। अब न्याय पाना आम लोगों के लिए पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है। इसी उद्देश्य को लेकर शुक्रवार को विकास भवन सभागार में टेली लॉ योजना पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर (वीएलई) और आम नागरिक शामिल हुए।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला जज मनोज कुमार तिवारी ने टेली लॉ योजना को आमजन के लिए बेहद उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि यह योजना संविधान द्वारा दिए गए समान न्याय के अधिकार को धरातल पर उतारने का सशक्त माध्यम है, जिससे अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित हो रही है।

कार्यक्रम में टेली लॉ राज्य समन्वयक वागीश सिंह ने बताया कि इस योजना के तहत नागरिक अब अपने कानूनी मामलों को लेकर अनुभवी वकीलों से फोन और डिजिटल माध्यम के जरिए निःशुल्क परामर्श प्राप्त कर सकते हैं। घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद, जमीन-जायदाद, श्रम संबंधी मामले, पेंशन, महिला एवं बाल अधिकार, अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकार, साइबर अपराध और सरकारी योजनाओं से जुड़े कानूनी सवालों का समाधान अब घर बैठे संभव है।

कॉमन सर्विस सेंटर के सीनियर मैनेजर योगेश मिश्रा ने कहा कि वीएलई की मदद से ग्रामीण क्षेत्रों के लोग टेली लॉ सेवा से जुड़कर समय और धन दोनों की बचत कर रहे हैं। इससे न्याय प्रणाली पर लोगों का भरोसा भी मजबूत हुआ है।

इस अवसर पर टेली लॉ पैनल लॉयर राजू ने संविधान की प्रस्तावना और निःशुल्क विधिक सहायता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह सेवा उन लोगों के लिए वरदान है, जो आर्थिक कारणों से न्याय से वंचित रह जाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया और न्याय व समानता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments