बड़हलगंज (गोरखपुर)।
शुक्रवार को बड़हलगंज विकासखंड सभागार में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) मनोज सिंह की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीडीओ ने आवास, आंगनबाड़ी, मनरेगा तथा अन्य विकास योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।बीडीओ मनोज सिंह ने शासन से स्वीकृत पांच गांवों में अन्नपूर्णा भवन निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निरीक्षण के दौरान किसी भी योजना में गड़बड़ी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्य शासन के निर्देशानुसार समय पर पूर्ण हों। मनरेगा जॉब कार्डधारकों की e-KYC में सुस्ती पर नाराजगी व्यक्त करते हुए बरेहता, बुढ़नपुरा, रामपुर गढ़वा और लखनौरी गांवों के अधिकारियों को जल्द से जल्द 100 प्रतिशत e-KYC पूर्ण कराने का आदेश दिया।अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मीरा गौतम ने कहा कि मनरेगा के तहत गांवों में लगातार कार्य जारी रखे जाएं ताकि मजदूरों को निरंतर रोजगार उपलब्ध हो सके। बैठक में जेई जयराम तिवारी, आशीष कुमार, किशोरीलाल जायसवाल, रोजगार सेवक कैलाशपति, अनुप सिंह समेत विभिन्न गांवों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।



