*निषाद पार्टी की सांगठनिक बैठक में राष्ट्रीय सचिव रवींद्रमणि निषाद ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र*
आजमगढ़। अतरौलिय निरीक्षण भवन में सोमवार को निषाद पार्टी की सांगठनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति के अध्यक्ष, राष्ट्रीय सचिव तथा उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य रवींद्रमणि निषाद ने कार्यकर्ताओं के साथ आगामी कार्यक्रमों और संगठन की रणनीति पर चर्चा की। निरीक्षण भवन पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया और नारेबाजी कर उत्साह व्यक्त किया।
बैठक को संबोधित करते हुए रवींद्रमणि निषाद ने कहा कि 15 जुलाई को प्रस्तावित विशाल बूथ सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि अतरौलिया विधानसभा के प्रत्येक बूथ पर कम से कम 10 युवाओं को पार्टी से जोड़कर उन्हें जिम्मेदारी देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि संगठन की जड़ें और मजबूत हो सकें। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं और कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों एवं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी होगी। उनका कहना था कि मजबूत बूथ संगठन ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। अतरौलिया विधानसभा सीट पर दावेदारी के सवाल पर रवींद्रमणि निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी ने पूर्व में भी यहां से चुनाव लड़ा था और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी पार्टी पूरी मजबूती के साथ अपना प्रत्याशी मैदान में उतारेगी।
उन्होंने कहा कि एनडीए गठबंधन के सभी सहयोगी दल एक-दूसरे के पूरक हैं और सभी का उद्देश्य गठबंधन को अधिक से अधिक सीटों पर विजय दिलाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वर्ष 2022 के चुनाव में जो कमियां रह गई थीं, उन्हें दूर करते हुए 2027 में अतरौलिया समेत अन्य विधानसभा क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर पार्टी के चुनाव चिह्न ‘भोजन भरी थाली’ को अधिक से अधिक मत दिलाने का आह्वान किया। बैठक में पार्टी के क्षेत्रीय पदाधिकारी, मंडल एवं सेक्टर प्रभारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



