*टेम्पो व ईरिक्शा में जेवर चोरी करने वाली 4 महिलाएं गिरफ्तार, 2 मामलों का खुलासा*
आजमगढ़। थाना अतरौलिया पुलिस ने यात्रियों के बैग से जेवर चोरी करने वाले गिरोह की 4 महिला सदस्यों को गिरफ्तार कर दो अलग-अलग चोरी के मामलों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात भी बरामद कर लिए हैं।पहला मामला 15 मई 2026 का है, जब जितेन्द्र उर्फ पप्पू ने तहरीर दी कि उनकी बहन कुसुम प्रजापति के साथ ई-रिक्शा से घर लौटते समय अतरैठ बाजार के पास दो महिलाओं ने बैग से दो जोड़ा विछिया और एक जोड़ा पायल चोरी कर ली। तहरीर पर मु0अ0सं0 183/2026 धारा 303(2) बीएनएस दर्ज किया गया। विवेचना में धारा 317(2) बढ़ाई गई और रिया पत्नी शिवा और सीमा पत्नी धर्मेन्द्र, दोनों निवासी गोहटा थाना सरपतहां जौनपुर, का नाम सामने आया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम सरैया गेट के पास से दोनों को गिरफ्तार कर दो जोड़ा विछिया और एक जोड़ा पायल बरामद किया।
दूसरा मामला भी 15 मई का है। अभयराज ने बताया कि उनकी पुत्री प्रीती के साथ टेम्पो में यात्रा के दौरान दो महिलाओं ने बैग से एक जोड़ी हाथ पलानी और एक करधन चोरी कर ली। शक होने पर यात्रियों ने दोनों महिलाओं को पकड़कर थाने लाया। पूछताछ में महिला हेल्पडेस्क पर तैनात पुलिस टीम ने खुशबू पत्नी मनोज और पूजा पत्नी राजकुमार, दोनों निवासी टैनी थाना पवई आजमगढ़, की तलाशी ली। कब्जे से एक जोड़ी हाथ पलानी और एक करधन बरामद हुआ। दोनों को उसी दिन रात 9:40 बजे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार चारों महिलाओं ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल किया और माफी मांगी। पुलिस ने दोनों मुकदमों में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



