*कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने हेतु पुलिस अधीक्षक ने किया बड़सरा खालसा पुलिस चौकी का उद्घाटन*
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने 18 मार्च 2026 को थाना कप्तानगंज क्षेत्र के बड़सरा खालसा में नवनिर्मित पुलिस चौकी का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में पुलिस उप-महानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र भी मौजूद रहे। साथ ही अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर, अंडर ट्रेनिंग आईपीएस प्रेम सुख दरिया सहित अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। लगभग 101.85 लाख रुपये की लागत से उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम लिमिटेड द्वारा तैयार इस भवन में पुलिस कर्मियों के लिए सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। भवन में कार्यालय, आरक्षी बैरक, किचन, मेस स्टोर, मालखाना, पुरुष-महिला हवालात, कम्प्यूटर कक्ष और शस्त्रागार शामिल हैं।
SSP डॉ. अनिल कुमार ने उद्घाटन के दौरान पुलिसकर्मियों को बेहतर पुलिसिंग, आमजन से संवाद और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने नवनियुक्त आरक्षियों से बात कर अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशील पुलिसिंग पर जोर दिया। SSP ने कहा कि नई चौकी से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ेगी और आम जनता को त्वरित मदद मिल सकेगी



