*पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा: स्विफ्ट कार पार्सल वाहन से टकराई, 5 की मौत; DM-SSP ने मोर्चरी हाउस का किया निरीक्षण।*
आजमगढ़। थाना #कंधरापुर क्षेत्र अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 238.5 के पास शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 4 सदस्यों समेत 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार पीछे से पार्सल वाहन में जा घुसी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए
प्राप्त जानकारी के अनुसार पार्सल वाहन संख्या RJ 09 GB 6297 गाजीपुर से लखनऊ की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार संख्या HR 51 CW 5271 अनियंत्रित होकर पार्सल वाहन में जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार सभी 5 व्यक्तियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में मरने वालों की पहचान हो गई है। सभी मृतक ग्राम गयासपुर, थाना सिसवन, जिला #सिवान, बिहार के निवासी थे:
1. मनीष कुमार श्रीवास्तव पुत्र प्रेम कुमार, उम्र 43 वर्ष
2. कंचन देवी पत्नी मनीष कुमार श्रीवास्तव, उम्र 40 वर्ष
3. आस्था कुमारी पुत्री मनीष कुमार श्रीवास्तव, उम्र 16 वर्ष
4. अदिति पुत्री मनीष कुमार श्रीवास्तव, उम्र 11 वर्ष
5. एक अज्ञात पुरुष, उम्र लगभग 20 वर्ष, नाम-पता अज्ञात
हादसे की सूचना मिलते ही थाना कंधरापुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। एसपी ट्रैफिक भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद कुछ देर तक एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारु कराया।
घटना के बाद जिलाधिकारी आजमगढ़ और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉक्टर अनिल कुमार सदर अस्पताल स्थित मोर्चरी हाउस पहुंचे और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि थाना कंधरापुर पुलिस राहत और विधिक कार्यवाही में जुटी है।



