कुम्हारों को मुफ्त विद्युत चाक मशीन, 27 मई तक करें आवेदन
देवरिया। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड की समन्वित विकास कार्यक्रम योजना के तहत जनपद के कुम्हारों एवं पारंपरिक कारीगरों को निःशुल्क विद्युत चालित चाक मशीन उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी वीरेन्द्र प्रसाद के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद को 45 विद्युत चाक मशीनों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। योजना के लिए आवेदक की आयु 18 से 55 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा एक परिवार से केवल एक ही व्यक्ति आवेदन कर सकता है। पूर्व में किसी सरकारी योजना के तहत चाक प्राप्त कर चुके लाभार्थी पात्र नहीं होंगे।
इसके अतिरिक्त 2 पगमिल मशीनों का भी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए वही अभ्यर्थी पात्र होंगे, जो वर्ष 2019-20 से 2025-26 के बीच मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के अंतर्गत वित्तपोषित हो चुके हैं।
आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन है। इच्छुक अभ्यर्थी विभाग की वेबसाइट upmatikalaboard.in पर आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, जिला पंचायत भवन (प्रथम तल), देवरिया में संपर्क किया जा सकता है।
आवेदन की अंतिम तिथि 27 मई 2026 निर्धारित है। आवेदन के साथ फोटो, आधार कार्ड, राशन कार्ड, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र तथा जाति प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा।



