लार–देवरिया रोडवेज बस में टिकट चेकिंग पर विवाद, जनविरोध के बाद जुर्माना वापस
देवरिया। लार से देवरिया आ रही रोडवेज बस को शहजौर स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने रोककर टिकट चेकिंग के दौरान विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। जानकारी के अनुसार बस के कंडक्टर प्रीतेश पासवान पर चेक करते समय 450 रुपये का जुर्माना लगाया दिया। जांच कर रहे अधिकारी का नाम उमेश साहू बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस में एक महिला यात्री की तबीयत खराब थी और वह उल्टी कर रही थी। इसी कारण उसकी टिकट अभी नहीं कटी थी। इसी दौरान अधिकारी द्वारा बस को रुकवाकर जांच शुरू की गई और कंडक्टर पर जुर्माना लगा दिया गया।
करीब आधे घंटे से अधिक समय तक बस रोके जाने से यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई। बड़ी संख्या में यात्रियों ने कंडक्टर के समर्थन में आवाज उठाई और कहा कि वह अपनी ड्यूटी ईमानदारी से निभा रहे थे तथा महिला की स्थिति को देखते हुए टिकट लेने में थोड़ी देरी हुई थी।
मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि त्योहार के समय “दक्षिणा” न देने के कारण कार्रवाई की गई, हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बढ़ते जनविरोध के बाद अंततः अधिकारी को 450 रुपये की जुर्माना राशि वापस करनी पड़ी। कंडक्टर प्रीतेश पासवान ने कहा कि वह अपना कार्य पूरी ईमानदारी से करते हैं और यात्रियों की सुविधा उनकी प्राथमिकता है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।



