*बाइक और कार की टक्कर में 35 वर्षीय युवक की मौत, क्षेत्र में मचा कोहरमम*
अतरौलिया नगर पंचायत क्षेत्र से बेहद दुखद खबर सामने आई है। मंगलवार रात करीब 8:30 बजे मंदुरी के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 35 वर्षीय गुड्डू सोनी पुत्र अशर्फीलाल सोनी की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गुड्डू सोनी बाइक से आजमगढ़ से दुकान का सामान लेकर अपने घर अतरौलिया लौट रहे थे। जैसे ही वह मंदुरी के समीप पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई संतराम सोनी ने कंधरापुर थाने में अज्ञात कार चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
गुड्डू सोनी अतरौलिया बाजार में श्रृंगार की छोटी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। अपने पीछे वह 10 वर्षीय बेटा यश और 5 वर्षीय बेटी तनु को छोड़ गए हैं। पत्नी अर्चना और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।



