*जीडी ग्लोबल स्कूल का ‘ओडिसी 2025-26’ बना संस्कृति, संस्कार और सृजनात्मकता का भव्य मंच*
आजमगढ़। करतालपुर बाइपास स्थित जीडी ग्लोबल स्कूल का वार्षिक समारोह ‘ओडिसी 2025-26’ शनिवार को अत्यंत भव्यता, अनुशासन और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। यह समारोह विद्यालय की उस सोच को साकार करता नजर आया, जिसमें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी जाती है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री रवींद्र, जिलाधिकारी आज़मगढ़, विद्यालय की निदेशिका श्रीमती स्वाति अग्रवाल, प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल, कार्यकारी निदेशक श्री श्रीश अग्रवाल एवं प्रधानाचार्या श्रीमती दीपाली भुस्कुटे द्वारा दीप प्रज्वलन तथा वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की गणेश वंदना ने कार्यक्रम को मंगलमय शुरुआत प्रदान की।
इसके पश्चात विद्यार्थियों ने शास्त्रीय नृत्य, लोक नृत्य, साउथ इंडियन डांस, राजस्थानी नृत्य, रेट्रो बॉलीवुड, रोबोटिक्स डांस एवं फैंसी ड्रेस शो जैसी रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता और बच्चों की सृजनात्मक क्षमता जीवंत रूप में दिखाई दी। कार्यक्रम में सामाजिक सरोकार भी प्रमुखता से उभरे। पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रभक्ति से जुड़े नाट्य एवं नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को गहरा संदेश दिया, जिसे दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्री रवींद्र ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और नैतिक मूल्यों का विकास करते हैं। समारोह के समापन पर विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया। ‘ओडिसी 2025-26’ विद्यालय के लिए केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा, संस्कार और सामाजिक चेतना को मंच देने वाला यादगार आयोजन साबित हुआ।



