*पुलिस की बड़ी सफलता,अंतरराज्यीय शराब तस्करी का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार*
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अवैध शराब विरोधी अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना जहानागंज पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में बजहा पुल के पास से तीन अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार तस्करों के कब्जे से 235 बोतल (176 लीटर) अवैध शराब, एक एंबुलेंस वाहन, चार फर्जी नंबर प्लेट और एक फास्टेड बॉक्स बरामद किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरियाणा से शराब मंगवाकर बिहार में सप्लाई करते थे। इसके लिए एंबुलेंस का इस्तेमाल कर पुलिस को गुमराह करते और समय-समय पर फर्जी नंबर प्लेट बदलकर वाहन को ट्रैक से बाहर रखते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान किशन कुमार (22), वरुण कुमार साहनी (35) और विभा देवी (40) निवासी बिहार के रूप में हुई है। थाना जहानागंज में उनके खिलाफ मुकदमा संख्या 298/2025 के तहत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
इस संयुक्त कार्रवाई में थाना जहानागंज प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार मिश्र, स्वाट टीम प्रभारी मोहम्मद सहबान खान और सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि त्योहारों के मद्देनजर अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।



