*सर्पदंश से सफाई कर्मचारी की मौत के बाद शोक सवेदना व्यक्त करने पहुंचे विधायक ने ऐसा क्या किया कि लोग कह उठे विधायक हो तो ऐसा*
आजमगढ़। अतरौलिया क्षेत्र के जमीन गोरथानी गांव निवासी 52 वर्षीय सफाई कर्मचारी धर्मेंद्र राम की 7 जुलाई को सर्पदंश से हुई आकस्मिक मृत्यु पर पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। धर्मेंद्र राम की मौत के बाद शुक्रवार को अतरौलिया के विधायक डॉ. संग्राम यादव,प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और पीड़ित परिवार को ₹1,लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की।
मिली जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र राम 7 जुलाई की सुबह लगभग 6:30 बजे खेत में धान की रोपाई कर रहे थे, तभी एक विषैले सांप ने उन्हें डंस लिया। अम्बेडकर नगर में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वे वर्ष 2009 से अतरौलिया विकासखंड की जमीन दशाव ग्राम पंचायत में बतौर सफाई कर्मचारी कार्यरत थे। उनकी असमय मृत्यु से पूरे सफाईकर्मी समुदाय में शोक का माहौल है।
धर्मेंद्र राम अपने पीछे पत्नी राधिका देवी और तीन पुत्र—राजेश (30), राकेश (27) तथा महेश (26) को छोड़ गए हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शुक्रवार को विधायक डॉ. संग्राम यादव, ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव समेत क्षेत्र के अनेक सफाईकर्मी और स्थानीय जनप्रतिनिधि धर्मेंद्र राम के आवास पर पहुंचे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और शोक-संवेदना प्रकट की। इस अवसर पर विधायक संग्राम यादव ने कहा, “धर्मेंद्र राम निष्ठावान और मेहनती कर्मचारी थे। उनके असमय निधन से मैं अत्यंत मर्माहत हूं। इस दुःख की घड़ी में हम उनके परिवार के साथ हैं। भविष्य में शिक्षा या अन्य किसी जरूरत के लिए परिवार को हरसंभव सहायता दी जाएगी।
”ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने कहा, “धर्मेंद्र हमारे परिवार जैसे थे। ब्लॉक की ओर से तथा सफाईकर्मी संघ के सहयोग से परिवार को हरसंभव मदद दी जाएगी। हम सब उनके साथ हैं।” इस मौके पर चंद्रजीत यादव, कन्हैया गौड़, कमला यादव, लचीराम वर्मा, नागेंद्र यादव, पिंटू यादव, सकलू यादव समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।



