*पुलिस की तत्परता से साइबर फ्रॉड पीड़ित को मिली राहत, ₹50,000 की धनराशि कराई गई वापस*
आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत साइबर अपराध की घटना में अतरौलिया पुलिस की सक्रियता और तकनीकी टीम की सूझबूझ से कुल ₹50,000 की धोखाधड़ी की राशि पीड़ित को वापस मिल गई। यह कार्यवाही थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा के कुशल नेतृत्व में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 अप्रैल 2025 को ग्राम बढ़या अतरौलिया निवासी संदीप कुमार यादव पुत्र महेंद्र यादव के खाते से ₹75,000 की साइबर ठगी की गई थी। पीड़ित की शिकायत साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत संख्या दर्ज की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए NCRP पोर्टल के माध्यम से ₹50,000 की राशि होल्ड कर ली गई। उक्त मामले में साईबर हेल्पडेस्क टीम के कम्प्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए आशीष कुमार द्वारा त्वरित जांच कर मा. न्यायालय से प्राप्त फंड रिलीज आदेश के आधार पर संबंधित बैंक के नोडल अधिकारी से समन्वय कर पीड़ित के खातों में ₹50,000 की धनराशि वापस कराई गई। पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही से क्षेत्रीय जनता में साइबर अपराध के प्रति जागरूकता और विश्वास में वृद्धि हुई है।
थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन लेन-देन में सावधानी बरतें और धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करें।



