बड़हलगंज(गोरखपुर) :
गोरखपुर जिले के बड़हलगंज क्षेत्र के खड़ेसरी (साईं धाम) में भारतीय संविधान के निर्माता बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 251 फीट ऊंची विशाल प्रतिमा स्थापित किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस ऐतिहासिक और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के तहत सोमवार को ‘मानव शिक्षा सेवा संस्था’ के तत्वावधान में संकल्प यात्रा और हस्ताक्षर अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया।
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर और चिल्लूपार क्षेत्र के विधायक राजेश त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से इस संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर उभरेगा बड़हलगंज
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर और विधायक राजेश त्रिपाठी ने कहा कि बाबासाहेब की इतनी विशाल प्रतिमा का निर्माण क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इससे बड़हलगंज का यह इलाका न सिर्फ देश बल्कि अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर एक नए कीर्तिमान के रूप में स्थापित होगा, जिससे पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, संस्था के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने इस नेक कार्य में अपनी सहभागिता का संकल्प लिया।



