*जाने किस अस्पताल में होगा गर्भवतियों का सप्ताह में तीन दिन मुफ्त अल्ट्रासाउंड*
सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को मिलेगी सुविधा, खराब डिजिटल एक्स-रे सेवा शुक्रवार तक होगी बहाल।
आजमगढ़। अतरौलिया के अमर शहीद राजा जयलाल सिंह100 शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अब अस्पताल में प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को गर्भवती महिलाओं के लिए निःशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे प्रतिदिन करीब 50 से 70 मरीजों को लाभ मिलेगा।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा ने प्रेसवार्ता में बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह व्यवस्था शुरू की गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात अल्ट्रासोनोलॉजिस्ट डॉ. शिवा सिंह की ड्यूटी सप्ताह में तीन दिन 100 सैया अस्पताल में लगाई गई है। प्राथमिकता के आधार पर गर्भवती महिलाओं की जांच की जाएगी, जबकि समय बचने पर अन्य मरीजों का भी अल्ट्रासाउंड किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अस्पताल की डिजिटल एक्स-रे सेवा तकनीकी खराबी के कारण फिलहाल बंद है। मशीन से जुड़े कंप्यूटर और सीपीयू में खराबी आने के बाद संबंधित कंपनी ‘साइरस’ को मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। कंपनी के अनुसार आवश्यक कलपुर्जा केरल से भेजा जा चुका है और इंजीनियरों की टीम आगामी शुक्रवार तक इसे स्थापित कर इंस्टाल कर देगी। इसके बाद डिजिटल एक्स-रे सेवा पुनः शुरू हो जाएगी।
डॉ. सिन्हा ने कहा कि अस्पताल प्रशासन मरीजों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अस्थायी असुविधा को लेकर परेशान न हों, सभी सेवाओं को जल्द पूरी तरह सुचारु कर दिया जाएगा।



