*आजमगढ़ में भूमि विवाद बना महिलाओं व छात्राओं पर कहर, छेड़छाड़–मारपीट का आरोप, पुलिस पर लापरवाही का दावा*
आजमगढ़। जनपद के मुस्तफाबाद गांव से एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां भूमि विवाद को लेकर महिलाओं और स्कूली छात्राओं के साथ छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी दिए जाने के आरोप लगे हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि लगातार घटनाओं के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे पूरा परिवार दहशत में है। पीड़िता के अनुसार, गांव के ही निवासी छेदी कन्नौजिया पुत्र सुखदेव कन्नौजिया से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है, जो वाद संख्या 902/24 के रूप में दीवानी न्यायालय आजमगढ़ में विचाराधीन है। आरोप है कि इसी विवाद के चलते छेदी कन्नौजिया के इशारे पर उसके सहयोगी राजेंद्र द्वारा स्कूल जा रही छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें की गईं।
पीड़िता ने बताया कि उनकी पुत्री और भतीजी, जो इंटरमीडिएट कॉलेज सठियांव में कक्षा 10 की छात्राएं हैं, साइकिल से स्कूल जाती थीं। 7 नवंबर 2025 से लगातार तीन दिनों तक भटौरा के पास उनकी साइकिल रोककर दुपट्टा खींचा गया, अभद्रता की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इन घटनाओं के बाद से दोनों छात्राएं भय के कारण स्कूल जाना छोड़ चुकी हैं। मामला यहीं नहीं थमा। पीड़िता का आरोप है कि 11 दिसंबर 2025 की शाम लगभग 5 बजे छेदी कन्नौजिया, उसके बेटे राजेंद्र और जोगेंद्र सहित अन्य परिजन जबरन उनकी जमीन में नाली खोदने लगे। घर पर पुरुष सदस्य न होने के कारण जब महिलाओं ने विरोध किया तो गाली-गलौज करते हुए महिलाओं और बच्चियों के साथ मारपीट व छेड़छाड़ की गई। इसी दौरान पीड़िता का मंगलसूत्र छीन लिए जाने का भी आरोप है।
पीड़िता ने यह भी बताया कि उसी दिन दोपहर में नाली खोदने का विरोध करने पर उनके भतीजे विवेक मौर्य के साथ मारपीट की गई और उसके कपड़े फाड़ दिए गए, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध है। भीड़ जुटने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना तत्काल थाना मुबारकपुर को दी गई, लेकिन पीड़िता का आरोप है कि थाना प्रभारी द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। उल्टे उन्हें डांट-फटकार कर धमकाया गया और जबरन नाली व रास्ता बनवाने का दबाव डाला गया। इस बातचीत की मोबाइल ऑडियो रिकॉर्डिंग भी पीड़िता के पास मौजूद होने का दावा किया गया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि वे पूरी तरह भयभीत हैं और किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी हुई है। उन्होंने उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।



