*प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी करने वाला अंतर्जनपदीय अपराधी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार*
आजमगढ़। थाना कंधरापुर पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी करने वाले अन्तर्जनपदीय अपराधी परवेज को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार देर रात थाना कंधरापुर क्षेत्र के टोल टैक्स सेहदा के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। बदमाशों द्वारा चलाए गए फायर के जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान कुख्यात तस्कर परवेज गोली लगने से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए भेजा गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी लखनऊ से बिहार प्रतिबंधित पशुओं को ट्रक के माध्यम से ले जा रहा था। पुलिस ने मौके से एक ट्रक, प्रतिबंधित पशु तथा एक चार पहिया वाहन डस्टर बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल बदमाश परवेज के खिलाफ जौनपुर, मिर्जापुर सहित कई जनपदों में गोतस्करी और तस्करी के गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था।
एसएसपी आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने इस सफल कार्रवाई पर पुलिस टीम की सराहना की और कहा कि जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



