*जाने आखिर किस प्रकार की गुंडागर्दी के लिए एक बार फिर चर्चा में आया रमा हॉस्पिटल और मल्टीस्पेशलिटी सेटर*
आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के नरौली में स्थित रमा हॉस्पिटल एंड मल्टी स्पेशलिटी सेंटर पर एक बार फिर गुंडागर्दी का गंभीर आरोप लगा है। चार वर्षीय मासूम के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में भारी लापरवाही, डॉक्टर द्वारा गाली-गलौज और स्टाफ द्वारा मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि समय पर इलाज न मिलने से बच्चे की हालत बेहद नाजुक हो गई।
सिधारी थाना क्षेत्र के चकविलिंदा गांव निवासी खुशबू देवी ने सिधारी थाने में दी तहरीर में को बताया कि उनके 4 साल के बेटे का हाथ गंभीर रूप से कट गया था। 26 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजे बच्चे को रमा अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर अमित सिंह ने मरीज को देखने के बाद कहा कि ऑपरेशन रात 9-10 बजे के बीच होगा। इस बीच बच्चा लगातार दर्द से तड़पता रहा, लेकिन न तो कोई दवा दी गई और न ही कोई त्वरित उपचार किया गया। परिजनों के बार-बार अनुरोध करने पर भी डॉक्टर अमित सिंह केवल आश्वासन देते रहे और कोई ठोस कदम नहीं उठाया। हालत लगातार बिगड़ने पर परिजनों ने बच्चे को दूसरे अस्पताल ले जाने का फैसला किया और डिस्चार्ज मांगा। इसी बात पर डॉक्टर अमित सिंह आग-बबूला हो गए। खुशबू देवी के मुताबिक डॉक्टर ने न सिर्फ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया बल्कि जाति सूचक गंदी गालियां दीं। इसके बाद अस्पताल के कुछ कर्मचारियों ने परिजनों के जेठ पंकज और पति बृजेश के साथ ही अन्य लोगों से हाथापाई शुरू कर दी। किसी तरह परिवार बच्चे को लेकर अस्पताल से बाहर निकला और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

परिजनों का आरोप है कि रमा अस्पताल की इस घोर लापरवाही के कारण उनके बच्चे की जान को गंभीर खतरा पैदा हो गया। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
*जाने आखिर किस प्रकार की गुंडागर्दी के लिए एक बार फिर चर्चा में आया रमा हॉस्पिटल और मल्टीस्पेशलिटी सेटर*
RELATED ARTICLES



