Thursday, April 23, 2026
Google search engine
Homeआजमगढ़*शिब्ली नेशनल कॉलेज में शिब्ली डे का भव्य आयोजन, कुलपति प्रो. संजीव...

*शिब्ली नेशनल कॉलेज में शिब्ली डे का भव्य आयोजन, कुलपति प्रो. संजीव कुमार रहे मुख्य अतिथि*

*शिब्ली नेशनल कॉलेज में शिब्ली डे का भव्य आयोजन, कुलपति प्रो. संजीव कुमार रहे मुख्य अतिथि*आज़मगढ़। शिब्ली नेशनल कॉलेज में रविवार को शिब्ली डे का भव्य आयोजन उत्साह व गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आज़मगढ़ के कुलपति प्रो. संजीव कुमार उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में महाविद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष जनाब अबूसाद अहमद शम्सी एवं प्रबंधक जनाब अतहर रशीद ख़ान शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता द आज़मगढ़ मुस्लिम एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. शौकत अली ने की।कार्यक्रम का शुभारंभ एनसीसी केयरटेकर ऑफिसर डॉ. आसिम ख़ान द्वारा मुख्य अतिथि को “गेस्ट ऑफ ऑनर” प्रदान कर किया गया। इसके बाद कारी मोहम्मद आसिफ़ की तिलावत-ए-कुरआन से कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।

छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दीं। बीएससी की छात्रा इरम ज़हीर ने अंग्रेज़ी में विचार व्यक्त किए, जबकि एमए उर्दू की छात्रा ज़ुनैरा असरार ने अल्लामा शिब्ली नौमानी की ग़ज़ल प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिक्षकों की ओर से बी.एड. विभाग की डॉ. सीमा सादिक़, अंग्रेज़ी विभाग के प्रो. सरफ़राज़ नवाज़ और इतिहास विभाग के वरिष्ठ प्रो. अलाउद्दीन ख़ान ने अल्लामा शिब्ली के जीवन, साहित्यिक विरासत और कॉलेज की ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डाला।मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि “किसी भी महाविद्यालय की प्रगति केवल औपचारिक शिक्षा पर नहीं, बल्कि खेल, वाद-विवाद व सांस्कृतिक गतिविधियों जैसे कार्यक्रमों पर भी निर्भर करती है। शिब्ली कॉलेज की यही विशेषता है कि यहाँ इस प्रकार के आयोजन निरंतर होते रहते हैं।” उन्होंने संस्थान की उन्नति के लिए शुभकामनाएँ दीं।

समारोह के दौरान उर्दू विभागाध्यक्ष प्रो. मोहम्मद ताहिर एवं फिजिक्स विभाग के डॉ. बिलाल उस्मानी की पुस्तकों का विमोचन कुलपति द्वारा किया गया। साथ ही भूगोल विभाग को बेस्ट एकेडमिक डिपार्टमेंट तथा जीव विज्ञान विभाग को बेस्ट कीपअप डिपार्टमेंट के रूप में सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय स्तर पर गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, नेट–जेआरएफ उत्तीर्ण 24 सफल छात्रों, अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में शोध-पत्र प्रस्तुत करने वाले शोधार्थियों एवं शिब्ली पखवाड़े के विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेडल, प्रमाणपत्र और पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. शौकत अली ने शिब्ली कॉलेज की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि संस्थान को नई ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएँ शीघ्र लागू की जाएँगी। अंत में प्राचार्य प्रो. अफ़सर अली ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों व विद्यार्थियों का आभार जताया।

कार्यक्रम का समापन महाविद्यालय की तराना टीम द्वारा प्रस्तुत तराना “शिब्ली का ये चमन है” तथा राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रो. मोहम्मद खालिद तथा संयोजन डॉ. ज़र्रार अहमद व उनकी टीम ने किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments