*आजमगढ़ में बरदौर का ताला तोड़ दो गायों की बेरहमी से गला काट कर निर्मम हत्या, ग्रामीणों में आक्रोश, एनकाउंटर की मांग*
आज़मगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के ग्राम गोरथानी में बीती रात अज्ञात लोगों ने आजमगढ़-फैजाबाद एक्सप्रेस-वे से सटे लिंक रोड पर स्थित पशुशाला का ताला काटकर उसमें बंधी दो गायों की निर्मम हत्या कर दी। घटना के समय गृहस्वामी घर पर मौजूद नहीं था।
सुबह जब गृहस्वामी का बेटा गायों को चारा डालने पहुंचा तो दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। उसकी चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग मौके पर जुट गए। कुछ ही देर में यह खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही भाजपा नेता रमाकांत मिश्र ने प्रमुख सचिव गृह समेत सभी उच्च अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरिराम यादव पुत्र अभिराज यादव, ग्राम गोरथानी में नेशनल हाईवे से सटे लिंक रोड पर अपने मकान में रहते हैं। शनिवार दोपहर उन्होंने अपनी बरदौल में बंधी दो गायों को चारा-पानी डालकर गांव चले गए थे। घर पर उनका बेटा अकेले मौजूद था। रात में उसने गायों को चारा डालकर बरदौल में ताला बंद किया और गांव में सोने चला गया। बीती रात अज्ञात लोग ताला काटकर अंदर घुसे और बंधी दोनों गायों को टुकड़े-टुकड़े में काटकर उनकी निर्मम हत्या कर दी। सुबह जब यह खबर फैली तो आसपास के सात-आठ गांवों के लोग एकत्रित हो गए। ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो दशक में ऐसी घटना कभी नहीं हुई। सूचना पर क्षेत्राधिकारी अजय प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। स्थानीय लोग इस घटना को गौ तस्कर वाकिब उर्फ वाकिफ के 7 नवंबर को हुए एनकाउंटर से जोड़कर देख रहे हैं, और आरोपित अपराधियों का एनकाउंटर करने की मांग कर रहे हैं।
ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने कहा, घटना की जानकारी मिलते ही मैं तत्काल मौके पर पहुंचा। जिसने भी ऐसा कृत्य किया है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। भाजपा नेता एवं क्षेत्रीय संयोजक रमाकांत मिश्र ने कहा, संरक्षण मिलने के कारण ही अपराधी इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते हैं। अपराधी और उन्हें संरक्षण देने वाले, दोनों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर अजय प्रताप सिंह ने बताया, सुबह सूचना प्राप्त हुई कि गोरथानी निवासी हरिराम यादव के परिसर में बंधे दो गोवंश कटे हुए पड़े हैं और उनका मीट गायब है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वाकिब के एनकाउंटर से इस घटना को जोड़कर देखा जा रहा है। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



