दुर्गम सीमावर्ती क्षेत्र में भी शिक्षकों की मेहनत को मिली सराहना, बीडीओ ने किया विद्यालय का निरीक्षण
लार, देवरिया, 18 सितंबर।
खंड विकास अधिकारी लार ने शुक्रवार को संविलियन विद्यालय खरवनिया नवीन, क्षेत्र लार, देवरिया का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की भौगोलिक स्थिति और आसपास के प्राकृतिक वातावरण का बारीकी से अवलोकन किया तथा प्रकृति की गोद में शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यालय के नौनिहालों से भी रूबरू हुए।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने विद्यालय में संचालित एलबीटी लैब का भी अवलोकन किया और उसे बेहतर ढंग से संचालित करने में विद्यालय स्टाफ के प्रयासों की सराहना की। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक इन्द्रसेन गुप्ता ने खंड विकास अधिकारी का स्वागत किया।
बताया गया कि विद्यालय सूदूर सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित है, जहां यातायात की सुविधाएं भी अपेक्षाकृत दुर्गम हैं। इसके बावजूद निरीक्षण के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उपस्थित मिले।
इस अवसर पर प्रमोद कुमार, संदीप कुमार, आशुतोष, अंकित सिंह, सुमन देवी, ललिता देवी सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ की उपस्थिति रही। विद्यालय में शिक्षकों द्वारा पूरे मनोयोग से अपने दायित्वों का निर्वहन किए जाने पर निरीक्षण के दौरान सकारात्मक माहौल देखने को मिला।



