*अनुशासित और उच्च चरित्र से युक्त राष्ट्र सेवा को समर्पित और रेजिमेंटल लाइफ के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन का निर्माण ही एन सी सी शिविर का उद्देश्य- कर्नल दिनेश शर्मा(कैम्प कमांडेंट)*
*सर्वोदय पब्लिक स्कूल,घोरठ में 99 यू पी बटालियन एन सी सी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का हुआ उद्घाटन*
आज़मगढ़। 99 यू0पी0 बटालियन एन सी सी के तत्वावधान में,एन सी सी कैडेटों का दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर , सी ए टी सी-313 जो 26 मई से 4 जून तक संचालित होना है का उद्घाटन बुधवार को सर्वोदय पब्लिक स्कूल ,घोरठ में करते हुए,अपने ओपनिंग एड्रेस में कैम्प कमांडेंट कर्नल दिनेश शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत की दूसरी रक्षा पंक्ति के नाम से विख्यात एन सी सी संगठन के अधीन यह कैम्प आगामी राष्ट्रीय कैम्प के लिए योग्य कैडेटों का चयन और कैडेटों को रेजिमेंटल वे ऑफ लाइफ का प्रशिक्षण प्रदान करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
एन सी सी संगठन का उद्देश्य ही है अनुशासित और उच्च चरित्र के ऐसे युवाओं का निर्माण करना जो न केवल भारतीय सेना अपितु समाज मे अपनी सेवाओं के माध्यम से उच्च गुणवत्तापूर्ण मानव संसाधन के रूप में राष्ट्र की सेवा कर राष्ट्रीय ध्वजा का परचम लहरा सकें।
कैम्प कमांडेंट ने गर्मी के मौसम के सभी को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने हेतु आवश्यक सावधानियों का पालन करने का निर्देश दिया एवं किसी भी समस्या पर उचित माध्यम से रिपोर्ट करने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने सभी को शुभकामनाएं देते हुये कहा कि कैम्प की विविध गतिविधियों द्वारा सभी कैडेट्स अंतिम दिन तक अच्छे प्रशिक्षण और अनुभव से संचित होकर एक नए व्यक्तित्व से सम्पन्न होकर अपने घरों को लौटेंगे।
ओपनिंग एड्रेस के अवसर पर एडम ऑफिसर ले0 कर्नल जे बी सिंह, कैम्प एडजुटेंट कैप्टन मदन मोहन पाण्डेय,ट्रेनिंग ऑफिसर कैप्टन इंद्रजीत,कैम्प क्वार्टर मास्टर लेफ्टिनेंट डॉ0 पंकज सिंह, सेकेंड ऑफिसर दिनेश कुमार मिश्रा, सूबेदार मेजर विनोद कुमार,जे सी ओज एन सी ओज ,पी आई स्टॉफ और 500 की संख्या में विभिन्न कॉलेजों के कैडेट्स उपस्थित रहे।



